टीकमगढ़,मोहसिन । जिले के कुंडेश्वर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब कुण्डेश्वर नदी में एक वृद्ध का शव उतराता हुआ मिला। मृतक की पहचान हेमंत जैन के रूप में हुई है, जो पिछले दो दिनों से लापता थे। इस घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, हेमंत जैन निवासी शिवपुरी गांव बीते दो दिनों से घर से लापता थे। उनके परिजनों ने काफी तलाश के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो पुत्र ने थाना कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच सोमवार को स्थानीय लोगों ने कुंडेश्वर धाम के पास कुण्डेश्वर नदी में एक शव को पानी में तैरते हुए देखा। पहले तो लोगों को शक हुआ, लेकिन पास जाकर देखने पर स्थिति स्पष्ट हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। जांच के दौरान शव की पहचान हेमंत जैन के रूप में की गई, जिसकी पुष्टि परिजनों ने भी की। शव मिलने की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन मौके पर पहुंच गए।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि वृद्ध नदी तक कैसे पहुंचे और घटना के पीछे कोई अन्य कारण तो नहीं है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, कुंडेश्वर धाम क्षेत्र में नदी के किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।