टीकमगढ़, मोसिन। टीकमगढ़ में सोमवार सुबह सिविल लाइन स्थित अमन गैस एजेंसी पर उस समय अफरा-तफरी जैसे हालात बन गए, जब बड़ी संख्या में लोग गैस सिलेंडर लेने पहुंच गए। सीमित स्टॉक और बढ़ती मांग के कारण लोगों को घंटों लंबी कतारों में खड़े होकर इंतजार करना पड़ा।
सुबह होते ही शहर के अलग-अलग इलाकों से उपभोक्ता अमन गैस एजेंसी पहुंचने लगे। देखते ही देखते एजेंसी के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और लंबी-लंबी कतारें लग गईं। कई लोगों को अपनी बारी के लिए घंटों तक इंतजार करना पड़ा। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि मौके पर कई बार अव्यवस्था और धक्का-मुक्की जैसे हालात भी बने।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित नहीं होने के कारण उन्हें बार-बार इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। कुछ उपभोक्ताओं ने बताया कि वे सुबह से लाइन में लगे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया है। महिलाओं और बुजुर्गों को भी इस भीड़ में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
“हम सुबह 6 बजे से लाइन में लगे हैं, लेकिन अभी तक नंबर नहीं आया। अगर समय पर गैस मिल जाए तो इतनी परेशानी नहीं होगी। जानकारी के मुताबिक, एजेंसी पर सिलेंडर की सीमित उपलब्धता और बढ़ती मांग के चलते यह स्थिति बनी है। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, तो इस तरह की भीड़ और अव्यवस्था से बचा जा सकता है।
फिलहाल जरूरत है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या को गंभीरता से लें और गैस सिलेंडर की नियमित सप्लाई सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

