इंदौर, रविकांत वर्मा। मध्य प्रदेश के इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानी नगर में अज्ञात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर के बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने के कीमती आभूषण पार कर दिए और मौके से फरार हो गए।


मिली जानकारी के अनुसार फरियादी विनोद जायसवाल पिता रमेशचंद जायसवाल निवासी भवानी नगर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि जब वे घर पहुंचे तो देखा कि बेडरूम में रखी अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और अंदर रखा सामान बिखरा पड़ा था। घर की स्थिति देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए।


विनोद जायसवाल की पत्नी कविता जायसवाल ने जब अलमारी की जांच की तो पता चला कि उसमें रखे उनके सोने के पुराने उपयोगी आभूषण गायब हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।


फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। बाणगंगा थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।