छतरपुर, संजय अवस्थी। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के देरी रोड स्थित शासकीय अनुसूचित जाति सीनियर छात्रावास क्रमांक-2 एवं 3 में नाबालिग छात्रों के साथ अधीक्षक आशीष शुक्ला द्वारा कथित तौर पर अश्लील हरकत किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने के बाद युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष लोकेंद्र वर्मा छात्रावास पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अधीक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।


बताया गया है कि छात्रावास में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र रहकर पढ़ाई करते हैं। मामले में करीब छह नाबालिग छात्रों द्वारा अधीक्षक के खिलाफ शिकायत किए जाने की बात सामने आई है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने छात्रों से जानकारी ली। वहीं बाल कल्याण समिति (CWC) की टीम भी छात्रावास पहुंची और बच्चों से पूरे मामले को लेकर जानकारी जुटाई।


युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष लोकेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि अधीक्षक के खिलाफ पिछले वर्ष से शिकायतें सामने आ रही थीं, लेकिन छात्र खुलकर शिकायत नहीं कर पा रहे थे। उनके मुताबिक, मंगलवार सुबह एक छात्र ने फोन कर अधीक्षक द्वारा कथित अश्लील हरकत किए जाने की जानकारी दी, जिसके बाद वे छात्रावास पहुंचे और छात्रों से बातचीत की। छात्रों की शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।


लोकेंद्र वर्मा ने कहा कि छात्रावास में शिकायत पेटी के माध्यम से भी शिकायतें मिलने की बात सामने आई है। उन्होंने आदिम जाति कल्याण विभाग से छात्रावासों का नियमित निरीक्षण करने और अधिकारियों द्वारा छात्रों से समय-समय पर संवाद करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बच्चों से नियमित रूप से बातचीत की जाती और उनकी शिकायतों पर समय रहते ध्यान दिया जाता तो ऐसी स्थिति सामने आने से रोकी जा सकती थी।


फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। नाबालिग छात्रों के बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस और बाल कल्याण समिति की जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।