छतरपुर/खजुराहो, तुलसीदास सोनी। सावन माह में खजुराहो के प्राचीन मतंगेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मतंगेश्वर उत्सव समिति द्वारा प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी शिवलिंग निर्माण एवं शिव अभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर प्रांगण में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंगों का निर्माण कर विधि-विधान से पूजन किया।
कार्यक्रम के दौरान संगीतमय भजन-कथा का भी आयोजन हुआ। शास्त्री मुकेश मिश्रा ने बताया कि पिछले करीब 11 वर्षों से यह धार्मिक आयोजन निरंतर किया जा रहा है, जिसमें मतंगेश्वर नवदुर्गा समिति, नगरवासियों और व्यापारी वर्ग का सहयोग रहता है। उन्होंने सावन माह में भगवान शिव को दूध, दही, घी, मक्खन, गंगाजल, बेलपत्र, आक और धतूरा अर्पित करने का महत्व बताया।
पार्थिव शिवलिंगों के निर्माण और पूजन के बाद भगवान मतंगेश्वर महादेव का अभिषेक किया गया। इसके पश्चात सभी पार्थिव शिवलिंगों की शोभायात्रा निकाली गई। "बम-बम भोले" के जयकारों के बीच पार्थिव शिवलिंगों का शिवसागर तालाब में विधि-विधान से विसर्जन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवक-युवतियां और नगरवासी शामिल हुए। आयोजकों ने बताया कि मंगलवार को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु सादर आमंत्रित हैं।




