भोपाल, जीतेन्द्र यादव। भोपाल में बारिश के बाद बाणगंगा क्षेत्र की गलियों में जलभराव की समस्या को लेकर कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने जलभराव प्रभावित गलियों में घूमकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों की समस्याएं भी जानीं। कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को तत्काल जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने नालों और नालियों की सफाई का काम तेजी से कराने तथा जलभराव के कारणों को चिन्हित कर उनका स्थायी समाधान करने को कहा। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।