राजगढ़। मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राजगढ़ जिले में आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-52) पर ब्यावरा-सारंगपुर के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के धौलपुर से उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने जा रहा एक त्रिवेदी परिवार भीषण दुर्घटना की चपेट में आ गया। सड़क किनारे खड़े एक खराब (ब्रेकडाउन) डंपर में पीछे से कार के घुस जाने के कारण परिवार के 3 सदस्यों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं।


ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

सारंगपुर थाना प्रभारी राहुल रघुवंशी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे एनएच-52 पर मऊ के समीप शिमला होटल के सामने हुआ: धौलपुर (राजस्थान) निवासी त्रिवेदी परिवार के सदस्य अर्टिगा कार से उज्जैन दर्शन के लिए निकले थे। कार अब्दुल (पिता आबिद खान) चला रहा था। वाहन में कुल 6 लोग सवार थे। एनएच-52 पर चालक जब कार को ओवरटेक कर रहा था, उसी दौरान को-ड्राइवर साइड से कार सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन डंपर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।


हादसे में प्रभावित हुए लोग

सोमा त्रिवेदी (65 वर्ष) - पत्नी सुनील त्रिवेदी, अंकुर त्रिवेदी (42 वर्ष) - पिता सुनील त्रिवेदी, अर्चना त्रिवेदी (40 वर्ष) - पत्नी अंकुर त्रिवेदी (तीनों धौलपुर, राजस्थान के निवासी थे), निहाल (22 वर्ष) - पिता अतुल तिवारी, अब्दुल - कार चालक (दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शाजापुर रेफर किया गया है)। अंकुर और अर्चना के दो मासूम बेटे अंश (14 वर्ष) और तेजस (10 वर्ष) इस भयानक हादसे में पूरी तरह सुरक्षित बच गए हैं।


पुलिस जांच व कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद सारंगपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शुरुआती जांच में ओवरटेक के प्रयास के दौरान खड़े डंपर से टकराने की बात सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।