छतरपुर, संदीप यादव। बमीठा थाना क्षेत्र के ग्राम अवधपुरा में घर के अंदर सो रहे भाई-बहन को सांप ने काट लिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नेहा कुशवाहा (12) और उसके भाई जीतेन्द्र कुशवाहा (18), पिता मनका कुशवाहा के रूप में हुई है। नेहा कक्षा 6वीं की छात्रा थी।


जानकारी के अनुसार, रात में दोनों भाई-बहन एक साथ सो रहे थे। इसी दौरान सांप ने दोनों के पैर में काट लिया। नेहा को सांप के काटने के बाद वह जाग गई, जिससे परिजनों को घटना की जानकारी हो गई और उसे तत्काल इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल छतरपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।


बताया जा रहा है कि नेहा के जागने के कारण परिजनों को उसके साथ हुई घटना का पता चल गया, लेकिन जीतेन्द्र गहरी नींद में सोता रहा। परिजनों को उस समय पता नहीं चला कि उसे भी सांप ने काट लिया है। बाद में उसकी हालत बिगड़ने पर घटना की जानकारी हुई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


चन्द्रनगर निवासी नीलेश कुशवाहा ने बताया कि जीतेन्द्र और नेहा दोनों साथ में सो रहे थे और दोनों के पैर में सांप ने काटा था। जीतेन्द्र के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जबकि नेहा के शव को भी पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।