छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। छिंदवाड़ा पुलिस की सायबर सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ रुपये कीमत के 501 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित कार्यक्रम में एसपी अजय पाण्डेय ने मोबाइल मालिकों को उनके फोन वापस किए।
मोबाइल वापस मिलने पर शासकीय कर्मचारी, शिक्षक, अधिवक्ता, डॉक्टर, नर्स, इंजीनियर, व्यापारी, छात्र, किसान, श्रमिक और गृहिणी सहित विभिन्न वर्गों के लोगों के चेहरों पर खुशी नजर आई। रक्षाबंधन से पहले मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
एसपी अजय पाण्डेय के निर्देश और एएसपी आशीष खरे के मार्गदर्शन में सायबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए गुम मोबाइलों को ट्रेस किया। पुलिस की लगातार मेहनत के बाद अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद किए गए।
एसपी अजय पाण्डेय ने लोगों से अपील की कि भीड़भाड़ वाली जगहों पर मोबाइल फोन को लेकर सतर्क रहें। मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की तलाश कर उसे बरामद किया जा सके।




