छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती एक कैदी को कथित VIP ट्रीटमेंट दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं। वायरल वीडियो में अस्पताल में पदस्थ नर्स सायना कैदी वार्ड के एक कमरे में नजर आ रही हैं, जबकि कमरे के बाहर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी बताई जा रही है। बताया गया है कि टोरिया मोहल्ले के चर्चित विवाद में सजा काट रहे कैदी निसार खान की तबीयत बिगड़ने पर उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
वीडियो सामने आने के बाद नर्स सायना ने निसार खान को अपना पति बताया है। उनका कहना है कि दोनों के बीच तलाक की प्रक्रिया चल रही है और इलाज के दौरान वह वहां मौजूद थीं। हालांकि, वायरल वीडियो को लेकर कैदी वार्ड में उनकी मौजूदगी और वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
मामला संज्ञान में आने के बाद कलेक्टर मृणाल मीणा ने सीएमएचओ डॉ. राजेंद्र गुप्ता को पूरे प्रकरण की जांच कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से पहले भी इस तरह के वीडियो सामने आ चुके हैं, जिन पर प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा चुकी है। अब जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि कैदी वार्ड के नियमों का उल्लंघन हुआ या नहीं और जिम्मेदार पाए जाने वालों पर क्या कार्रवाई की जाती है।




