छतरपुर/नौगांव, कमल यादव। अवैध शराब के खिलाफ नौगांव थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम मऊसानिया से करीब 25 हजार रुपये कीमत की 9 पेटी अवैध शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से शराब बेचने के आरोप में 40 वर्षीय प्रमोद साहू उर्फ कल्लू को गिरफ्तार किया है।
नौगांव थाना प्रभारी संजय राय के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मऊसानिया निवासी प्रमोद साहू अपने घर के आंगन से अवैध रूप से शराब बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी और आरोपी के कब्जे से 9 पेटी अवैध शराब बरामद की।
पुलिस ने जब्त शराब की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। कार्रवाई नौगांव एसडीओपी अमित मेश्राम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी संजय राय एवं पुलिस टीम द्वारा की गई।




