मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। जिले में लगातार हो रही बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई स्थानों पर पानी उफान पर है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कलाभाटा डेम के गेट खोल दिए गए हैं, जिससे शिवना नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। बाबा पशुपतिनाथ मंदिर के समीप स्थित छोटी पुलिया जलमग्न हो गई, जबकि नाहरगढ़-बिल्लोद मार्ग पर शिवना नदी की पुलिया पर देर रात पानी आ जाने से कुछ समय के लिए आवागमन बंद रहा। सुबह पानी उतरने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया।
लगातार बारिश के चलते जिलेभर में प्रशासन अलर्ट मोड पर है। नदी-पुलिया और निचले इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने लोगों से सतर्क रहने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। मौसम विभाग ने भी मंदसौर जिले में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से तेज बहाव वाले नदी-नालों और पुलियाओं को पार नहीं करने की अपील की है। बारिश का दौर जारी रहने से आने वाले घंटों में नदी-नालों का जलस्तर और बढ़ने की संभावना जताई गई है।




