छतरपुर/खजुराहो, अशोक नामदेव। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर खजुराहो रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ एवं चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। निरीक्षक खजुराहो एवं हमराह स्टाफ द्वारा स्टेशन परिसर, सभी प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग स्थल सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी की जा रही है।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस अथवा संदिग्ध वस्तुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और अन्य लोगों की गतिविधियों पर भी सतर्क निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा यात्रियों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
इसके साथ ही कोच अटेंडेंट एवं OBHS स्टाफ को एकत्रित कर संदिग्ध सामान या व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा वस्तु के पाए जाने पर तत्काल नजदीकी RPF या रेलवे कर्मचारियों को सूचना देने के संबंध में भी स्टाफ को जागरूक किया गया है। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है।




