टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। शहर की वर्षों पुरानी यातायात समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अंबेडकर चौक से नया बस स्टैंड तक की जर्जर सड़क के निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। लगभग ₹1 करोड़ 40 लाख की लागत से बनने वाली यह सड़क शहर की सबसे व्यस्त और लंबे समय से खराब स्थिति में पड़ी सड़कों में शामिल रही है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद हजारों नागरिकों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।


जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री वीरेन्द्र कुमार खटीक ने कुछ दिन पूर्व नया बस स्टैंड क्षेत्र से अपने निवास जाते समय सड़क की बदहाल स्थिति को स्वयं देखा था। सड़क पर बने गहरे गड्ढों और आम लोगों को हो रही परेशानियों को देखते हुए उन्होंने तत्काल नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश देकर सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई। मंत्री के हस्तक्षेप के बाद लंबे समय से लंबित यह कार्य तेजी से आगे बढ़ा और अब इसका विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है।


अंबेडकर चौक से नया बस स्टैंड तक का यह मार्ग शहर का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहन और नागरिक आवागमन करते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी तथा बरसात के दिनों में लोगों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ता था। स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया द्वारा लगातार इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद सड़क निर्माण की मांग जोर पकड़ती रही।


गौरतलब है कि करीब नौ माह पूर्व भाजपा विधायक राकेश गिरी गोस्वामी ने सड़क की बदहाली के विरोध में गड्ढों में पौधे लगाकर प्रदर्शन किया था। इस अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद सड़क निर्माण का मुद्दा शहरभर में चर्चा का विषय बन गया था। अब भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत होने से लोगों में खुशी का माहौल है।


नगर पालिका के इंजीनियर दीपक विश्वकर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार कराया जाएगा। सड़क तैयार होने के बाद क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा और नागरिकों को राहत मिलेगी।


भूमि पूजन कार्यक्रम में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय, नगर पालिका अध्यक्ष अंजली शर्मा, सीएमओ ओमपाल सिंह भदौरिया, पार्षद अभिषेक खरे, हबीब राइन, पूनम, रजनी जायसवाल, अनीस खान, रामकुमार यादव, निकिता पंकज प्रजापति, ध्रुव यादव, रेडक्रॉस अध्यक्ष महेश साहू, राजीव जैन, जाहिद खान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। क्षेत्रवासियों ने केंद्रीय मंत्री की पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही यह मार्ग शहर की आधुनिक और सुविधाजनक सड़कों में शामिल होगा।