छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। जिले के न्यूटन चौकी क्षेत्र के काजरा गांव में मधुमक्खियों के हमले से दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में मवेशी चराने गए एक परिवार पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में 56 वर्षीय कबोड़ नागवंशी और उनके 5 वर्षीय पोते अंश की मौत हो गई, जबकि 9 वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।


बताया जा रहा है कि परिवार के लोग खेत में मवेशी चरा रहे थे, तभी अचानक मधुमक्खियों का झुंड आ गया और उन्होंने लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। परिजन जब तक कुछ समझ पाते, तब तक कई लोग मधुमक्खियों के डंक से घायल हो चुके थे।


घटना में कबोड़ नागवंशी और उनके 5 वर्षीय पोते अंश की हालत गंभीर हो गई। दोनों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। वहीं हमले में घायल 9 वर्षीय बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की है। मामले की जांच की जा रही है।


मधुमक्खियों के अचानक हुए इस हमले से काजरा गांव में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के दादा और मासूम पोते की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है। इस दर्दनाक हादसे ने ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया है।