बैतूल, सुरेन्द्र बावने। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस एवं उनके 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बैतूल जिले के सभी दस विकासखंडों में “आपकी सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चिचोली के तपश्री खेल मैदान में ब्लॉक स्तरीय सेवा सेतु अभियान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए।
शिविर में 287 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 100 से अधिक आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को भेजते हुए कलेक्टर सौरभ सोणवने ने अधिकारियों को 15 दिवस के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं बैतूल सांसद दुर्गादास उईके, विधायक गंगाबाई उईके, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल कुशवाह, नगर परिषद अध्यक्ष डॉ. वर्षा मालवीय, उपाध्यक्ष वर्षा संजय आवलेकर, मंडल अध्यक्ष राजेंद्र यादव, नगर मंडल अध्यक्ष अमन आवलेकर, जिला मंत्री कांतीलाल यादव सहित कलेक्टर, अपर कलेक्टर, एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
योजनाओं का लाभ हितग्राहियों तक पहुंचाया
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। मेधावी छात्राओं को स्कूटी, लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राहियों को चेक, आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों को ऋण, जनपद पंचायत की ओर से पेंशन स्वीकृति, वन विभाग द्वारा भूमि पट्टे तथा अन्य योजनाओं के स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।
अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को सीधे आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने की अपील की। विधायक गंगाबाई उईके ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं।
शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई। महिला एवं बाल विकास विभाग की पोषण एवं व्यंजन प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।











