मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। पहाड़गढ़ क्षेत्र की कन्हार वन चौकी में उस समय हंगामा हो गया, जब करीब 8 से 10 लोग चौकी परिसर में पहुंचे और वन विभाग द्वारा जब्त किए गए हल एवं कल्टीवेटर को अपने साथ ले गए। बताया जा रहा है कि करीब एक माह पहले वन भूमि पर जुताई किए जाने के मामले में वन विभाग ने इन कृषि उपकरणों को जब्त किया था।
वन विभाग के कर्मचारियों के मुताबिक, कुछ लोग महिलाओं के साथ लग्जरी कारों से कन्हार वन चौकी पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने चौकी परिसर में रखे जब्त कृषि उपकरणों को उठाना शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद वनकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने और हल व कल्टीवेटर लेकर वहां से चले गए।
वनकर्मियों ने लगाया दबाव बनाने का आरोप
घटना के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों द्वारा उन पर दबाव बनाया गया और झूठे मामले में फंसाने की बात कही गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं सहित कई लोग वन चौकी परिसर में दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में जब्त कृषि उपकरणों को ले जाते हुए भी लोग नजर आ रहे हैं।
थाने में दिया आवेदन, जांच में जुटी पुलिस
मामले के बाद वन विभाग के कर्मचारियों ने संबंधित थाने में आवेदन देकर घटना की शिकायत की है। कर्मचारियों ने जब्त सामान को चौकी से ले जाने के मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब शिकायत, सामने आए वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल कन्हार वन चौकी से वन विभाग द्वारा जब्त किए गए कृषि उपकरणों को ले जाने का मामला पहाड़गढ़ क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में पुलिस जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।











