घर के बाहर खड़े मासूम को टैंकर ने रौंदा, चालक वाहन लेकर फरार

Advertisement
इंदौर। इंदौर के लसूड़िया क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8 साल के बच्चे की मौत हो गई। घर के बाहर खड़े बच्चे को एक निजी टैंकर ने कुचल दिया। टैंकर का पहिया बच्चे के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लसूड़िया पुलिस के अनुसार हादसा सोमवार सुबह करीब 7 बजे निरंजनपुर बस्ती में हुआ। मृतक बच्चे की पहचान कार्तिक (8) पिता बनवारी भांड के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने पर एफआरवी टीम मौके पर पहुंची और बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेजा गया।
परिवार का आरोप है कि हादसे के बाद उन्होंने टैंकर को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस टैंकर और उसके चालक की तलाश कर रही है।
परिजनों का कहना है कि इलाके में कई निजी टैंकर लगातार चलते रहते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने सुबह से ही पुलिस से टैंकर को पकड़ने की मांग की, लेकिन आरोप है कि मौके पर मौजूद एसआई मनोज हिरवे ने उन्हें डांट दिया।
बताया जा रहा है कि कार्तिक तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता बनवारी भांड मजदूरी करने के साथ-साथ ढोलक बजाने का काम करते हैं। परिवार मूल रूप से झालावाड़ जिले के जगपुरा गांव का रहने वाला है और करीब एक साल पहले काम की तलाश में इंदौर आकर निरंजनपुर बस्ती में झोपड़ी बनाकर रह रहा था।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार टैंकर चालक की तलाश की जा रही है।
