ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर धनतेरस की रात यात्रियों की भारी भीड़ के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब स्टेशन को बम से उड़ाने का धमकी भरा फोन कॉल आया। भिंड पुलिस कंट्रोल रूम में एक अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर दावा किया कि कुछ ही देर में ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बम धमाका होगा। सूचना मिलते ही ग्वालियर पुलिस, जीआरपी (GRP), बम निरोधक दस्ता और स्निफर डॉग की टीम मौके पर पहुंची तथा स्टेशन पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।


यात्रियों की भारी भीड़ के बीच देर रात तक चला सघन सर्च ऑपरेशन

धनतेरस पर अपने घर लौटने वाले यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए पुलिस और रेलवे प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया। पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में स्टेशन के चारों प्लेटफार्मों, प्रतीक्षालयों, पटरियों और संदिग्ध स्थलों की बारीकी से जांच की गई। घंटों चले गहन चेकिंग और सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई भी विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिसके बाद अधिकारियों और यात्रियों ने राहत की सांस ली। एहतियात के तौर पर स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।


भिंड के एंडोरी से दबोचा गया आरोपी सूरज पाल; पुलिस कर रही पूछताछ

धमकी भरे कॉल को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की एक विशेष टीम ने नंबर को ट्रेस करना शुरू किया। सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन भिंड जिले के एंडोरी क्षेत्र में पाई गई। पुलिस टीम ने देर रात ही दबिश देकर आरोपी को दबोच लिया, जिसकी पहचान सूरज पाल के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में आरोपी के मानसिक रूप से कमजोर होने की बात सामने आई है। पुलिस हिरासत में लेकर उससे यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने ऐसी अफवाह और धमकी भरा कॉल किस मंशा से किया था।