सतना,अंबिका केशरी। सतना जिले में “गांव बस्ती चलो अभियान” को लेकर आयोजित कार्यशाला में प्रदेश के नगरीय प्रशासन एवं जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने हिस्सा लिया। यह कार्यशाला शहर के उमा रिसॉर्ट में आयोजित की गई, जहां बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री विजयवर्गीय ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बस्ती-बस्ती जाकर लोगों की समस्याओं को समझें और उनका समाधान कराने में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं, लेकिन उनकी सही जानकारी हर व्यक्ति तक पहुंचाना जरूरी है। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे इन योजनाओं का प्रचार-प्रसार करें और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने में सहयोग करें।


मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि “गांव बस्ती चलो अभियान” का उद्देश्य केवल संगठन को मजबूत करना नहीं है, बल्कि आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करना भी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर जाकर लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनका निराकरण करना ही इस अभियान की सफलता का मुख्य आधार होगा।


कार्यशाला के दौरान मंत्री ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी भी दी और कार्यकर्ताओं को बताया कि किस तरह से वे आमजन को इन योजनाओं से जोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री विजयवर्गीय ने देश में ईंधन संकट को लेकर फैल रही आशंकाओं को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और किसी भी तरह की कमी की स्थिति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें।


इसके साथ ही उन्होंने रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि गैस सप्लाई पूरी तरह से सुचारु है और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी सौंपी और भरोसा जताया कि उनके प्रयासों से सरकार की योजनाएं हर जरूरतमंद तक पहुंचेंगी।