छतरपुर, संतोष शिवहरे। थाना ईशानगर पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 20 पेटी अवैध शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।


पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के संग्रह, विक्रय और परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना ईशानगर पुलिस को अवैध शराब तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी।


सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पहाड़गांव तिराहा के पास घेराबंदी की। नौगांव रोड से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान वाहन से 20 पेटी अवैध शराब, जिसकी मात्रा 180 लीटर बताई गई है, बरामद हुई।


पुलिस ने मौके से राहुल राजा परमार पिता अनंत पाल सिंह परमार निवासी ग्राम कांटी थाना गुलगंज, जिला छतरपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध थाना ईशानगर में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में भी अवैध शराब संबंधी प्रकरणों में संलिप्त रहा है।


पूछताछ के दौरान पुलिस को शराब के स्रोत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश जारी है तथा पुलिस विवेचना कर रही है।


इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले एवं एसडीओपी बिजावर अजय रिठौरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक मनोज गोयल, प्रधान आरक्षक बिहारी लाल तथा आरक्षक पुष्पेंद्र, दामोदर, उपेंद्र, रघुवर, महिला आरक्षक शिवानी एवं अनीता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।