देवास, नंदकिशोर गुर्जर । कलेक्टर ऋतु राज सिंह ने शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने शासकीय कार्य करने से इंकार कर रहे 93 परिवीक्षाधीन पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित पटवारियों को तीन दिन के भीतर शासकीय कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में कार्य शुरू नहीं करने वाले पटवारियों के विरुद्ध सेवा से हटाने, निलंबन और विभागीय जांच जैसी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाने के मामलों में लापरवाही बरतने पर तहसीलदारों को भी सख्त हिदायत देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान बिच्छाखेड़ी स्कूल में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था में सामने आई लापरवाही पर भी कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने जिम्मेदार शिक्षक को निलंबित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासकीय योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही जिले में 2 से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ महाअभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनहित और सेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।











