मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर एक बार फिर आईफा के मंच पर होस्ट के तौर पर नजर आने वाले हैं। करण जौहर आईफा 2027 में वरुण धवन के साथ अवॉर्ड नाइट को होस्ट करेंगे। आईफा के साथ करण का रिश्ता काफी पुराना है। इस बार करण छठी बार मेजबानी करने को लेकर काफी उत्साहित हैं।आईफा का 27वां एडिशन अगले साल 22 और 23 जनवरी को अबू धाबी के यास आइलैंड स्थित एतिहाद एरिना में आयोजित किया जाएगा। इस बार भी आईफा वीकेंड एंड अवॉर्ड्स में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे नजर आएंगे।
शो में होस्टिंग से लेकर शानदार परफॉर्मेंस तक, दर्शकों के लिए काफी कुछ खास होने वाला है।
आईफा के मंच पर अपनी वापसी को लेकर करण जौहर ने कहा, ''आईफा और मेरा रिश्ता काफी पुराना है और मंच पर मेरे कुछ सबसे यादगार पल इसी इवेंट का हिस्सा रहे हैं। छह बार होस्ट करना सुनने में भले ही काफी ज्यादा लगे, लेकिन लाइव शो का रोमांच, उत्साह और अचानक होने वाले सरप्राइज कभी पुराने नहीं पड़ते।''
करण ने आगे कहा, ''आईफा में एक अलग तरह की मस्ती और जादू है, जिसे सिर्फ महसूस किया जा सकता है। अबू धाबी वापस आना मेरे लिए इसे और भी खास बनाता है। मैं हंसी-मजाक, सरप्राइज और आईफा 2027 में होने वाली तमाम खास चीजों के लिए तैयार हूं।''
इस बार आईफा 2027 में होस्टिंग की जिम्मेदारी दो अलग-अलग जोड़ी संभालेंगी। आईफा डिजिटल अवॉर्ड्स 2027 को पंकज त्रिपाठी और अली फजल होस्ट करेंगे, जबकि मुख्य आईफा अवॉर्ड्स 2027 की कमान करण जौहर और वरुण धवन के हाथों में होगी। दोनों की जोड़ी शो में मनोरंजन का तड़का लगाती नजर आएगी।
अवॉर्ड नाइट में सिर्फ होस्टिंग ही नहीं, बल्कि कई बड़े सितारों की शानदार परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेगी। सलमान खान, शाहिद कपूर, करीना कपूर खान और जान्हवी कपूर जैसे कलाकार मंच पर अपनी परफॉर्मेंस से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान भी आईफा 2027 के मंच पर वापसी करने जा रहे हैं। सलमान की मौजूदगी हमेशा की तरह इवेंट की सबसे बड़ी खासियतों में से एक होगी। आईफा के साथ सलमान का रिश्ता भी काफी पुराना है और वह इसके शुरुआती दौर से ही इस सफर का हिस्सा रहे हैं।
आईफा में अपनी वापसी को लेकर सलमान खान ने कहा कि आईफा और उनका रिश्ता बहुत पुराना है। वह इसके शुरुआती सालों से इस सफर का हिस्सा रहे हैं और जब भी आईफा की ओर से बुलावा आता है, तो उनके लिए एक खास एहसास होता है।












