मुंबई। सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की अपकमिंग फिल्म 'तू है मेरी किरण' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। ट्रेलर में एकतरफा प्यार और जुनून की कहानी को सस्पेंस और थ्रिल के साथ पेश किया गया है। कहानी में कई ऐसे मोड़ आते हैं, जो दर्शकों को लगातार सोचने पर मजबूर करते हैं कि आखिर पर्दे के पीछे चल क्या रहा है।'तू है मेरी किरण' ट्रेलर में सोनाक्षी और जहीर के किरदारों के अलग-अलग रंग देखने को मिलते हैं। मेकर्स ने कहानी के बड़े राज को अभी पर्दे के पीछे ही रखा है।
विशाल राणा और इशेलॉन प्रोडक्शंस द्वारा प्रोड्यूस की गई इस फिल्म का निर्देशन करण रावल ने किया है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि सोनाक्षी सिन्हा किरण नाम की लड़की के किरदार में हैं, जिसे जहीर इकबाल का किरदार बेइंतहा प्यार करता है। वह उसे अपना बनाना चाहता है। इसके लिए वह किरण पर दबाव बनाता है।
फिल्म में अपने किरदार को लेकर सोनाक्षी सिन्हा ने कहा, '''तू है मेरी किरण' मेरे लिए बिल्कुल अलग तरह की फिल्म है और इसी वजह से यह मेरे लिए काफी रोमांचक रही। मुझे सबसे ज्यादा फिल्म की वह दुनिया पसंद आई, जहां एक सामान्य-सी भावना धीरे-धीरे कुछ ज्यादा गहरी और खतरनाक बन जाती है। मेरे किरदार का सफर काफी असामान्य है और उसमें कई परतें हैं, जिन्हें निभाना काफी दिलचस्प रहा।''
सोनाक्षी ने कहा, ''फिल्म दर्शकों को लगातार बांधे रखती है और स्क्रीन पर दिखाई जा रही घटनाओं की सच्चाई पर सवाल खड़े करती है। मैं चाहती हूं कि दर्शक इस दुनिया का हिस्सा बनें और सिनेमाघरों में 'तू है मेरी किरण' के अनुभव को महसूस करें।''
वहीं, जहीर इकबाल ने फिल्म को अपने लिए बेहद खास बताया और कहा, ''कहानी में एकतरफा प्यार को जिस तरह दिखाया गया है, वही चीज मुझे सबसे ज्यादा आकर्षित करती है। एक ऐसी भावना जो शुरुआत में बेहद गहरी लगती है और आगे चलकर किस तरह एक मोड़ लेती है, फिल्म इसी पहलू को सामने लाती है। फिल्म में रहस्य और सस्पेंस लगातार बना रहता है और दर्शक यह जानने की कोशिश करेंगे कि असल में कहानी की सतह के नीचे क्या छिपा है। अपने किरदार की अलग-अलग परतों को समझने और उन्हें पर्दे पर उतारने का अनुभव खास रहा।''
उन्होंने सोनाक्षी के साथ काम करने को भी अपने लिए खास बताया। 'तू है मेरी किरण' फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।












