भिंड,अक्षय जोशी। देहात थाना पुलिस ने महिला की सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी पति और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने मिलकर सिलाई मशीन की रस्सी से महिला का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी और बाद में इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फांसी लगाने का नाटक रचा।
पुलिस अधीक्षक द्वारा तीनों आरोपियों पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। घटना 30 मार्च की है, जब मृतका प्रियंका के पिता रमेश बाबू प्रजापति को सूचना मिली कि उनकी बेटी ने ससुराल ग्राम मानपुरा में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ, जिसके बाद गहन पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी पति समेत उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



