भिंड में 3 करोड़ के भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा: तीन आरोपियों को पुलिस ने सलाखों के पीछे पहुंचाया

Advertisement
भिंड (अक्षय जोशी)। भिंड नगर पालिका में कर्मकार योजना (और संबल योजना) के तहत हुए करीब तीन करोड़ रुपये के बड़े भ्रष्टाचार के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। तीन आरोपियों को धर दबोचा गया है, जिससे गरीबों और कर्मचारियों के हक को डकारने वाले इन शातिर भ्रष्टाचारियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।
पकड़े गए आरोपियों के बैंक खातों से 56 लाख रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आया है। पुलिस की जांच में यह घोटाला फर्जी दस्तावेजों, फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्रों और गलत बैंक खातों के जरिए राशि हड़पने का सुनियोजित तरीका अपनाकर किया गया था। अब तक इस मामले में कुल छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जांच जारी है और इसमें शामिल अन्य लोगों के सामने आने की आशंका बनी हुई है।
"भिंड पुलिस ने संबल योजना और कर्मकार मंडल से जुड़े भ्रष्टाचार के मामले में तेजी से कार्रवाई की है। आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच आगे बढ़ रही है। गरीबों के हितों की रक्षा के लिए ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।"
यह मामला डेढ़ साल पुराना बताया जा रहा है, लेकिन हालिया जांच में नई परतें खुली हैं। पुलिस का दावा है कि घोटाले की राशि तीन करोड़ से अधिक हो सकती है। भिंड पुलिस की इस सफलता से भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख का संदेश गया है।
