छतरपुर,शिवम सोनी। छतरपुर जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नौगांव थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के अनुसार आकाश दुबे (31), निवासी टहरौली जिला झांसी, बाइक से पन्ना की ओर जा रहा था। जैसे ही वह नौगांव थाना क्षेत्र के धुबेला के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिससे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। वहीं घटना स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए तुरंत घायल युवक की मदद की और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया।


डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उसका इलाज जारी है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी हुई है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से यहां सख्त कार्रवाई और स्पीड कंट्रोल के उपाय करने की मांग की है।


फिलहाल पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है। वहीं इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।