छतरपुर,रोहित पाठक। बागेश्वर धाम में हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर भक्तिभाव और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। इस खास मौके पर बालाजी का भव्य और दिव्य श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रातःकाल षोडशोपचार पूजन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद गौ दुग्ध से बालाजी का महा अभिषेक संपन्न हुआ जिसमें वैदिक मंत्रोच्चार के बीच वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
मंदिर के प्रधान पुजारी प्रदीप महाराज ने बताया कि बालाजी को फल, फूल, मिठाइयों और छप्पन भोग अर्पित कर अलौकिक श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे उत्सव का माहौल और अधिक भव्य बन गया। देशभर से हजारों श्रद्धालु इस अवसर पर बागेश्वर धाम पहुंचे और बालाजी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भक्तों की भारी भीड़ के बावजूद व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं।
इस दौरान बेंगलुरु से आई श्रद्धालु नैना आहूजा ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि वह अपनी बेटी के साथ जन्मोत्सव में शामिल होने आई है। यहां आकर मन को अद्भुत शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ। बालाजी के दर्शन जीवन को धन्य कर देते हैं।
संतों की उपस्थिति में महाराज श्री ने किया हनुमत यज्ञ
बागेश्वर महाराज ने श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर बालाजी के समक्ष संतों की उपस्थिति में श्री हनुमत यज्ञ किया। यज्ञ के पहले कथाओं में महाराज श्री के साथ रहने वाली हनुमान जी की प्रतिमा का विशेष श्रृंगार किया गया, उन्हें छत्र लगाकर फूलों से सजाया गया। बागेश्वर धाम आए हजारों श्रद्धालुओं को महाराज श्री ने आशीर्वाद देते हुए श्री हनुमान जन्मोत्सव की शुभकामनाएं देकर बालाजी के चरणों में सबके मंगल की प्रार्थना की। हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर बागेश्वर धाम एक बार फिर आस्था, भक्ति और विश्वास का केंद्र बनकर उभरा, जहां हर भक्त ने दिव्यता का अनुभव किया।




