बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। दमोह जिले के बटियागढ़ तहसील कार्यालय में किसानों के प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय गरमा गया, जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने अर्धनग्न होकर विरोध जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, दमोह सांसद राहुल सिंह तथा स्थानीय विधायक एवं राज्यमंत्री लखन पटेल के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। बताया जा रहा है कि यह घटनाक्रम तहसील कार्यालय परिसर में उस समय हुआ, जब किसान अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपने पहुंचे थे।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को बटियागढ़ तहसील कार्यालय का बताया जा रहा है। वीडियो में प्रदर्शनकारियों द्वारा लगातार नारेबाजी किए जाने का दावा किया जा रहा है। मौके पर पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे, लेकिन प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार की सख्त कार्रवाई या प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दिया। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। वहीं, घटना को लेकर पुलिस एवं प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।




