नई दिल्ली। इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (ईआईएल) ने तकनीकी निदेशालय के विभिन्न क्षेत्रों के लिए निश्चित अवधि के आधार पर अनुभवी इंजीनियरों की नियुक्ति के लिए एसोसिएट इंजीनियर के कुल 87 पदों पर वैकेंसी की घोषणा की है। ईआईएल की ओर से एसोसिएट इंजीनियर पोस्ट के लिए जारी 87 रिक्तियों में एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड I - इलेक्ट्रिकल के 2, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड I - इंस्ट्रूमेंटेशन के 3, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - इलेक्ट्रिकल के 6, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - इंस्ट्रूमेंटेशन के 3, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - पाइपिंग के 30, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - जनरल सिविल के 6, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - स्ट्रक्चरल के 12, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - सेफ्टी के 3, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - ईडब्ल्यूएस (एनवायर्नमेंटल वर्क्स) का 1, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - एसएमईडी 1 के 8, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - एसएमईडी 2 के 7, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - एफईडी 1 का 1, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - एफईडी 3 का 1, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - प्रोसेस 2 के 3 और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II - प्रोसेस 2 एल्यूमिना का 1 पद शामिल है।

एसोसिएट इंजीनियर के इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 25 नवंबर को दोपहर 2 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 दिसंबर को दोपहर 2 बजे तक तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार ईआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय के तहत कम से कम 60 प्रतिशत अंकों के साथ बीई/बीटेक/बीएससी इंजीनियरिंग डिग्री होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों के पास पोस्ट के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 2 से 5 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की अधिकतम आयु पदों के अनुसार 32 से 37 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 31 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन की जांच, व्यक्तिगत साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड I के लिए 57,600 से 64,000 रुपए के बीच प्रति माह, एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड II के लिए 72,000 से 80,000 रुपए के बीच प्रति माह और एसोसिएट इंजीनियर ग्रेड III के लिए 86,400 से 96,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अतिरिक्त, अभ्यर्थियों को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

चयन प्रक्रिया ईआईएल के गुरुग्राम, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और वडोदरा कार्यालयों में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए उम्मीदवारों को केंद्र पर सुबह 8 बजे रिपोर्ट करना होगा। वहीं, चयन प्रक्रिया की सटीक तारीख, समय और स्थान की जानकारी उम्मीदवारों को उनकी रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर अलग से दी जाएगी।