दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र की सीमा से लगे नरसिंहगढ़ स्थित सुनार नदी पुल के पास एक युवक का शव नदी में तैरता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने शव दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।


पुलिस ने मृतक की पहचान अर्जुन प्रजापति (30) पुत्र जगन्नाथ प्रजापति निवासी खिरिया बसिया, थाना बटियागढ़ के रूप में की है। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।


बटियागढ़ पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।