मैहर,पुष्पेंद्र कुशवाहा । मध्यप्रदेश के मैहर जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक पति ने दहेज की मांग पूरी न होने पर अपनी ही पत्नी की हत्या करने की कोशिश की। पीड़िता ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2025 में धनराज यादव से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही आरोपी पति और उसके परिजन अतिरिक्त 1 लाख दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे।


पीड़िता के अनुसार, मांग पूरी न होने पर उसे रोजाना गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न का सामना करना पड़ता था। घटना के दिन आरोपी पति उसे बाइक पर बैठाकर सुनसान जंगल की ओर ले गया, जहां उसने बेरहमी से मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। गंभीर रूप से घायल महिला किसी तरह आरोपी के चंगुल से बच निकली और सड़क पर आकर लोगों से मदद की गुहार लगाने लगी।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, महिला लहूलुहान हालत में मदद मांगती रही, जबकि आरोपी पति पूरे मामले को सड़क हादसा बताकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला की हालत बेहद गंभीर दिखाई दे रही है।


घटना के बाद पीड़िता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मामले की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दहेज प्रताड़ना और हत्या के प्रयास की धाराएं लगाने की बात सामने आई है।


इस घटना ने एक बार फिर समाज में दहेज जैसी कुप्रथा की भयावहता को उजागर कर दिया है, जहां लालच के कारण रिश्तों की मर्यादा तक तार-तार हो रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।