टीकमगढ़,मोहसिन। शहर में अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत प्रशासन ने सिविल लाइन रोड से अस्पताल चौराहा तक बुलडोजर चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में छोटे ठेलो और गुमटी बालो की दुकानें प्रभावित हुईं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क चौड़ीकरण के उद्देश्य से की गई। लंबे समय से सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बनती थी, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
कार्रवाई के दौरान नगर पालिका एस डी एम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। कई दुकानों, ठेलों और अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। हालांकि, इस दौरान प्रभावित दुकानदारों ने नाराजगी जताई और कहा कि उन्हें पहले से पर्याप्त समय या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं दी गई।
छोटे व्यापारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से उनका रोजगार पूरी तरह ठप हो गया है। “हम रोज कमाकर खाने वाले लोग हैं, दुकान हटने से परिवार चलाना मुश्किल हो जाएगा,” एक दुकानदार ने दुख व्यक्त करते हुए कहा।
वहीं, प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण हटाने से पहले नोटिस जारी किए गए थे और यह कार्रवाई नियमानुसार की गई है। अधिकारियों ने यह भी आश्वासन दिया कि प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए संभावनाओं पर विचार किया जाएगा।



