बिलहरी पुल की रेलिंग तोड़ नीचे गिरा वाहन, मौके पर मची अफरा-तफरी

Advertisement
नौगांव,कमल अवस्थी। छतरपुर जिले के नौगांव में तेज रफ्तार का खतरनाक नजारा सामने आया है। यहां पुलिस लिखी एक स्विफ्ट डिजायर कार ने ई-स्कूटी सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक पुल से नीचे नाला रूपी कुम्हेड़ नदी में जा गिरे। हैरानी की बात यह है कि हादसे के बाद कार में उत्तर प्रदेश पुलिस की कैप, वर्दी और शराब-बीयर की बोतलें भी मिली हैं, जबकि चालक और उसके साथी कार छोड़कर मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, नौगांव शहर से लगे बिलहरी गांव के पास कुम्हेड़ नदी के पुल पर रविवार रात करीब साढ़े 10 बजे यह हादसा हुआ। तेज रफ्तार में आ रही पुलिस लिखी स्विफ्ट डिजायर कार ने ई-स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक पुल से नीचे नाले में जा गिरे।
हादसे के बाद कार क्रमांक यूपी 53 सीक्यू 5622 अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंगनुमा पट्टी पर चढ़ गई। दुर्घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए और घायल युवकों को तड़पता छोड़ दिया।
घटना के दौरान पीछे से आ रहे बिलहरी गांव निवासी मोहन पाल ने हादसा होते देखा। उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को बुलाया और सभी की मदद से दोनों युवकों को नाले से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बताया कि दोनों युवकों की हालत फिलहाल सामान्य है और उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है।
हादसे के बाद जब ग्रामीणों ने कार की तलाशी ली तो अंदर से उत्तर प्रदेश पुलिस की कैप और वर्दी मिली। साथ ही कार में शराब और बीयर की बोतलें भी बरामद हुईं। कार के आगे और पीछे अंग्रेजी में “पुलिस” लिखा हुआ पाया गया, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
सूचना मिलने पर नौगांव थाना से पहुंचे एसआई प्रदीप मिश्रा ने ग्रामीणों की मदद से रेलिंग पर चढ़ी कार को नीचे उतरवाया और पुल से हटवाया। फिलहाल पुलिस वाहन मालिक और चालक की पहचान कर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुल पर तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की सख्ती नजर नहीं आती। लोगों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


