छतरपुर। भारतीय क्रिकेट टीम द्वारा टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रनों से करारी शिकस्त देकर इतिहास रचने पर छतरपुर के क्रिकेट प्रेमियों में जश्न का माहौल है। शहर के युवा क्रिकेट प्रशंसकों असता खान, मोहित पुरोहित, अभिषेक कुमार, नम्रता सिंह और दीपक नामदेव ने टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए इसे भारतीय क्रिकेट का स्वर्णिम युग बताया है। इन युवाओं का कहना है कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत लगातार दूसरी बार विश्व विजेता बनने वाली दुनिया की पहली टीम बन गई है, जो हर देशवासी के लिए गर्व का क्षण है।
छतरपुर के इन युवाओं ने मैच के रोमांच पर चर्चा करते हुए बताया कि टीम इंडिया ने फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा 255 रनों का स्कोर खड़ा कर न्यूजीलैंड को पूरी तरह मैच से बाहर कर दिया था। अभिषेक कुमार और मोहित पुरोहित ने अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि मात्र 18 गेंदों में वर्ल्ड रिकॉर्ड अर्धशतक जड़कर उन्होंने कीवी गेंदबाजों की कमर तोड़ दी थी। वहीं नम्रता सिंह और असता खान ने टीम के सामूहिक प्रदर्शन को जीत का आधार बताया, जिसमें पहली बार टॉप-3 बल्लेबाज संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने एक ही मैच में अर्धशतक जमाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। क्रिकेट प्रेमी दीपक नामदेव ने कप्तान सूर्या की रणनीति और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी को जीत का टर्निंग पॉइंट बताया।
इन युवाओं का मानना है कि 2007 और 2024 के बाद अब 2026 का खिताब जीतकर भारत दुनिया का सबसे सफल टी-20 राष्ट्र बन गया है। रनों के लिहाज से मिली यह 96 रनों की सबसे बड़ी जीत छतरपुर सहित पूरे बुंदेलखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। जीत की खुशी में इन सभी मित्रों ने आतिशबाजी कर और मिठाइयां बांटकर भारतीय टीम की इस 'अजेय' उपलब्धि का आनंद लिया।



