सतना, सजल कुमार रजक। नवरात्रि के दौरान आयोजित गरबा कार्यक्रमों के बीच सतना शहर के विभिन्न पंडालों में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने ‘लव जिहाद से सावधान’ के पोस्टर लगाए। कार्यकर्ताओं ने महिलाओं की सुरक्षा का हवाला देते हुए गरबा आयोजकों से कार्यक्रमों में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों की पहचान सुनिश्चित करने की अपील की।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आयोजकों से कहा कि गरबा पंडालों में प्रवेश देने से पहले प्रतिभागियों के पहचान पत्र, फोटो, आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाए। संगठन ने इसे कार्यक्रमों में सुरक्षा और पहचान सुनिश्चित करने के लिए जरूरी बताया।

कार्यकर्ताओं ने जिले में धर्मांतरण की कथित घटनाओं को लेकर भी चिंता जताई और आयोजकों से सतर्कता बरतने की अपील की। पंडालों में लगाए गए पोस्टरों के माध्यम से लोगों को सावधान रहने का संदेश दिया गया।

फिलहाल, इस मामले में गरबा आयोजकों की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पोस्टर लगाए जाने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।