छतरपुर/नौगांव,कमल यादव। महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक नीरज दीक्षित के नेतृत्व में मंगलवार को क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया गया। वे एक सैकड़ा से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ ग्राम बरोही से विशाल मोटरसाइकिल रैली के रूप में रवाना हुए। यह रैली महाराजपुर, गढ़ीमलहरा और लुगासी होते हुए दोपहर करीब 2 बजे नौगांव तहसील कार्यालय पहुंची, जहां कार्यकर्ताओं ने प्रशासनिक व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
किसानों के मुद्दे, सड़क-पुलिया मरम्मत और बिजली की दरों पर घेरा
पूर्व विधायक ने एसडीएम गोपाल शरण पटेल को छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में क्षेत्र के किसानों के लिए खाद और बीज की समुचित उपलब्धता कराने, ग्राम टाटा में लंबे समय से लंबित सड़क का निर्माण कराने तथा महाराजपुर क्षेत्र में दो साल से टूटी पड़ी पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की गई। इसके साथ ही बिजली की अनियंत्रित दरों से परेशान ग्रामीणों की राहत के लिए भी आवाज उठाई गई।
मतदाता सूची की एसआईआर प्रक्रिया में गड़बड़ी का लगाया आरोप
स्थानीय विकास कार्यों और किसान समस्याओं के अलावा पूर्व विधायक ने एसआईआर प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में की जा रही धांधली का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव या लापरवाही के चलते गलत तरीके से पात्र लोगों के नाम काटे जा रहे हैं और अपात्रों के नाम जोड़े जा रहे हैं। उन्होंने इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर निराकरण करने की मांग की।
समाधान न होने पर एसडीएम कार्यालय के सामने भूख हड़ताल का ऐलान
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व विधायक नीरज दीक्षित ने स्पष्ट लहजे में प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि दी गई समय-सीमा के भीतर जनहित से जुड़ी इन मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो वे अपने समर्थकों के साथ एसडीएम कार्यालय के समक्ष ही भूख हड़ताल पर बैठने को विवश होंगे।
प्रशासन ने दिया स्थानीय समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन
ज्ञापन प्राप्त करने के उपरांत एसडीएम गोपाल शरण पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में शामिल जो मांगें नीतिगत एवं शासन स्तर की हैं, उन्हें संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों और राज्य सरकार को भेजा जा रहा है। वहीं, जो समस्याएं स्थानीय स्तर पर हल की जा सकती हैं, उनका निराकरण प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द कराने का प्रयास किया जाएगा।












