मैहर, सजल कुमार रजक । प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मंगलवार सुबह प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मैहर पहुँचकर प्रसिद्ध माँ शारदा मंदिर में दर्शन-पूजन किए। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच माता शारदा की पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर मैहर क्षेत्र के विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। माँ शारदा मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उप मुख्यमंत्री शुक्ल का आत्मीय स्वागत किया गया।

पूजा-अर्चना के उपरांत उप मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और वहाँ चल रहे शारदीय नवरात्रि मेला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों व व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के बाद मंदिर प्रशासन तथा स्थानीय अधिकारियों के प्रबंधों की सराहना की।