इंदौर, रविकांत वर्मा। इंदौर में फर्जी पत्रकार बनकर एक महिला कर्मचारी को ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले में क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजीत चौरसिया को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से स्पाई कैमरा, मोबाइल और रिकॉर्डिंग डिवाइस भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक आरोपी अजीत चौरसिया श्रम विभाग में कार्यरत महिला कर्मचारी से मिलने उसके कार्यालय पहुंचा था। उसने खुद को पत्रकार बताते हुए बीमा योजनाओं और लेबर से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी देने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला का विश्वास जीतने के लिए उसे 5 हजार रुपये दिए और इसी दौरान गुप्त रूप से स्पाई कैमरे एवं मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
बताया जा रहा है कि बाद में आरोपी ने महिला पर पैसे लेने का आरोप लगाते हुए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पहले उसने 50 हजार रुपये की मांग की और बाद में रकम बढ़ाकर एक लाख रुपये मांगने लगा। लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर महिला ने मामले की शिकायत क्राइम ब्रांच में दर्ज कराई।
पुलिस जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद आरोपी के खिलाफ जबरन वसूली सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने देर रात कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया है या नहीं।




