छिंदवाड़ा, जीशान खान। कोतवाली थाने के सामने एक युवती अपने परिजनों के साथ रातभर धरने पर बैठी रही। युवती ने पुलिस से शिकायत पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, वह धरना समाप्त नहीं करेगी।
युवती दीपिका ने आरोप लगाया कि युवा मोर्चा नेता योगेंद्र राणा, युवती श्रद्धा पटेल सहित पांच लोग उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान घर में मौजूद परिजनों के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
युवती के मुताबिक घटना से संबंधित गतिविधियां घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर वह पहले भी थाने के सामने हंगामा कर चुकी है। रात करीब नौ बजे वह दोबारा परिजनों के साथ थाने के सामने धरने पर बैठ गई। पुलिस अधिकारियों ने उसे समझाने और कार्रवाई का आश्वासन देने का प्रयास किया, लेकिन युवती कार्रवाई की मांग पर अड़ी रही। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपों के आधार पर कार्रवाई की मांग की गई है।













