मंदसौर, ललित शंकर धाकड़ । जिले के सुवासरा थाना क्षेत्र के ग्राम खेजड़िया भूप में पुलिस ने घर के अंदर संचालित कथित नकली दूध और घी बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 85 कट्टे मिल्क पाउडर, पाम ऑयल के 7 टीन, 6 कट्टे यूरिया, तैयार नकली घी समेत बड़ी मात्रा में सामग्री और उपकरण जब्त किए हैं। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक पीरूसिंह और रामसिंह मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 272, 274 और 275 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को खेजड़िया भूप में नकली दूध-घी बनाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर सुवासरा पुलिस ने संदिग्ध मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 15 लीटर क्षमता वाले पाम ऑयल के 7 टीन, 120 खाली टीन के डिब्बे और 200 लीटर क्षमता वाले चार खाली ड्रम भी मिले।
पुलिस ने मौके से दो फिल्टर मिक्सर इलेक्ट्रॉनिक मशीन, दो गैस भट्टी, इंडेन कंपनी के दो गैस सिलेंडर, स्टील की कोठियां, पाम ऑयल की जरीकेन, इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा और मोटर पंप सहित अन्य सामान भी जब्त किया है। पुलिस बरामद सामग्री के आधार पर यह पता लगाने में जुटी है कि कथित मिलावट का कारोबार कितने समय से संचालित था और तैयार माल की सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।











