सतना, सजल कुमार रजक। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के भुजवा मोहल्ला मार्ग पर लाल पान की दुकान के पास फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। यहां एक प्लाईवुड कारोबारी को गोली मार दी गई, जो उनकी जांघ में लगी। घायल कारोबारी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के अनुसार प्लाईवुड कारोबारी संजय अग्रवाल अपने बेटे के साथ स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान लाल पान की दुकान के पास एक युवक गाली-गलौज कर रहा था। कारोबारी के बेटे ने जब युवक को गाली देने से रोका तो दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया।


आरोप है कि विवाद के दौरान युवक ने कट्टा निकालकर संजय अग्रवाल पर गोली चला दी। गोली उनकी जांघ में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


पीड़ित कारोबारी के मुताबिक वह आरोपी युवक को व्यक्तिगत रूप से नहीं पहचानते। वहीं, उनके बेटे ने पुलिस को बताया कि युवक नशे की हालत में था और पहले से ही गाली-गलौज कर रहा था। पुलिस फिलहाल घटना के कारणों, आरोपी की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।