भिंड,अक्षय जोशी । जिले के सुरपुरा थाना क्षेत्र में एक माह पूर्व प्लास्टिक की बोरी में मिली महिला की लाश के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस अंधे कत्ल में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी पहले से ही गंभीर आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं, जिससे इस घटना की गंभीरता और बढ़ जाती है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 16 फरवरी 2026 को अटेर थाना क्षेत्र में एक युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके दो दिन बाद 18 फरवरी को सुरपुरा क्षेत्र के जंगल में एक प्लास्टिक की बोरी में बंद अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। प्रारंभ में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन बाद में जांच के दौरान उसकी शिनाख्त गुमशुदा युवती के रूप में हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव के निर्देशन में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने मामले की तह तक जाने के लिए व्यापक स्तर पर जांच की। करीब 100 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई, साथ ही सायबर सेल की मदद और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि सुनियोजित तरीके से युवती को खेत में ले जाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को प्लास्टिक की बोरी में भरकर सुरपुरा क्षेत्र के जंगल में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वाहन, कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं, जो मामले को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस जघन्य अपराध के खुलासे में पुलिस टीम की सक्रियता और तत्परता की सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई को सराहा है और आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।



