छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पठापुर गांव से 18 मई को लापता हुई 19 वर्षीय युवती किरण अहिरवार के मामले में नया मोड़ सामने आया है। गुमशुदगी दर्ज होने के बाद युवती स्वयं थाने पहुंची और पुलिस को बताया कि वह अपनी मर्जी से घर छोड़कर गई थी।


युवती ने बताया कि परिवार द्वारा मारपीट किए जाने से नाराज होकर वह देरी रोड निवासी 21 वर्षीय नरेंद्र अहिरवार के घर चली गई थी। किरण के अनुसार नरेंद्र और उसके परिवार ने उसे समझाने का प्रयास किया तथा उसके परिजनों को सूचना भी दी, लेकिन परिवार ने उसे वापस ले जाने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने सिविल लाइन थाने में युवती की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करा दी थी।


मामले में आगे दोनों युवक-युवती ओरछा रोड थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस को बताया कि वे बालिग हैं और अपनी इच्छा से विवाह करना चाहते हैं। थाने में दोनों पक्षों की मौजूदगी में समझौते की कोशिश की गई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। युवती का आरोप है कि परिवार ने उसे अपनाने से साफ इनकार कर दिया।


इसके बाद देर रात दोनों छतरपुर स्थित धार्मिक स्थल हनुमान टौरिया पहुंचे, जहां शिव-पार्वती को साक्षी मानकर एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और विवाह कर लिया। बताया जा रहा है कि अगले माह युवती की परिवार द्वारा धूमधाम से शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन उससे पहले ही उसने अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।