दमोह,राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम हिंगवानी में सुनार नदी में नहाने गया एक युवक शनिवार सुबह डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही बटियागढ़ पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन 28 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
जानकारी के अनुसार हिंगवानी निवासी दिनेश (28) पिता नारायण सिंह लोधी शनिवार सुबह करीब 6 बजे रोज की तरह नदी में नहाने गया था। इसी दौरान वह नदी के गहरे हिस्से में चला गया और डूब गया। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर युवक डूबा है वहां नदी की गहराई करीब 40 फीट है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। नदी में अधिक पानी और गहराई के कारण रेस्क्यू टीम को युवक की तलाश में कठिनाई हो रही है। रविवार को भी एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम और बचाव दल मौके पर पहुंच गया था। लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका है। वहीं परिजन भी मौके पर मौजूद हैं और युवक की तलाश जारी है।

