सागर, स्वाति सोलंकी: मध्य प्रदेश के सागर जिले में प्रेम प्रसंग और वर्चस्व की खुन्नस का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक ही युवती से बातचीत करने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष और अपहरण तक जा पहुंचा। दबंगों ने एक युवक को दिनदहाड़े कार में अगवा कर लिया और शहर भर में घुमाने के बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद आरोपी घायल अवस्था में युवक को बालाजी मंदिर के पास फेंककर फरार हो गए। हालांकि, गोपालगंज थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर मुख्य आरोपी को धर दबोचा है।
एक्सीलेंस स्कूल के पास से दिया गया वारदात को अंजाम
गोपालगंज थाने में फरियादी शान मोहम्मद (निवासी दयानंद वार्ड) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह एक्सीलेंस स्कूल के पास रेडियम नंबर प्लेट की दुकान संचालित करता है और उसका भांजा शेख अयान उसके साथ ही काम करता है। बीते दिन सोमवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे शेख अयान के पास समीर नाम के एक युवक का फोन आया। समीर ने फोन कर अयान को दुकान के पास स्थित एक्सीलेंस स्कूल के गेट के पास बुलाया।
जब फरियादी और उसका भांजा वहां पहुंचे, तो कार में सवार होकर आए समीर बोहत और उसके साथियों ने शेख अयान को जबरन गाड़ी में खींच लिया और अपहरण कर ले जाने लगे। फरियादी शान मोहम्मद ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने गाड़ी नहीं रोकी। इसके बाद शान मोहम्मद ने बाइक से आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन सफलता न मिलने पर उसने तुरंत गोपालगंज थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
प्रेम प्रसंग बना खूनी रंजिश की वजह
मामले का खुलासा करते हुए गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी समीर और पीड़ित अयान दोनों एक ही युवती से बातचीत करते थे। जब यह बात आरोपी समीर को पता चली, तो वह इसी रंजिश को लेकर अयान के पास पहुंचा था। आरोपी गुस्से में कह रहा था कि "तुम उस लड़की से बात क्यों करते हो, उससे सिर्फ मैं बात करता हूँ।" इसी बात पर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से युवक का अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद आरोपियों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और जब वह लहूलुहान हो गया, तो उसे शहर के बालाजी मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
घटना की गंभीरता को देखते हुए गोपालगंज थाना पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने घटनास्थल और रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी समीर बोहत (उम्र 21 वर्ष, निवासी पंतनगर) को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए मुख्य आरोपी से कड़ी पूछताछ की जा रही है, जिसके आधार पर इस वारदात में शामिल अन्य सह-आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि फरार चल रहे अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

















