नागोया। भारतीय पैरा स्प्रिंटर सिमरन शर्मा ने बुधवार को आइची-नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में अपना दूसरा गोल्ड मेडल जीत लिया। सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर टी12 वर्ग की फाइनल रेस में 12.02 सेकंड का गेम्स रिकॉर्ड समय दर्ज करते हुए पहला स्थान हासिल किया। इसी के साथ हीट्स में बनाए गए अपने ही पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया। इससे पहले, मंगलवार को सिमरन ने महिलाओं की 200 मीटर टी12 कैटेगरी में 24.80 सेकंड का समय निकालकर गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता था।

'टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम' (टॉप्स) से समर्थित सिमरन ने 12.13 सेकंड के अपने पिछले गेम्स रिकॉर्ड को बेहतर करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने हांगझोऊ में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2022 में इसी स्पर्धा में 12.68 सेकंड के समय के साथ सिल्वर मेडल जीता था। इस बार उन्होंने अपने समय में 0.66 सेकंड का सुधार करते हुए इसे गोल्ड में बदल दिया।

पेरिस पैरालंपिक 2024 में टी12 कैटेगरी की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट और 100 मीटर की वर्ल्ड चैंपियन सिमरन ने हांगझोऊ 2022 (26.12 सेकंड) के सिल्वर मेडल से आगे बढ़कर 2026 में गोल्ड मेडल हासिल किया। उन्होंने अपने समय में 1.32 सेकंड का सुधार किया। इसी स्पर्धा में, गुजरात की दृष्टिबाधित टी12 पैरा-एथलीट तेजलबेन दामोर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 25.23 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल करते हुए अपना 'पर्सनल बेस्ट' प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के छठे दिन, भारत ने पैरा एथलेटिक्स में स्प्रिंटिंग और जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) स्पर्धाओं में पदक जीतकर अपनी मेडल टैली में इजाफा किया।

प्रणव देसाई ने पुरुषों की 100 मीटर टी64 स्पर्धा में 11.96 सेकंड का समय निकालकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। वहीं, भारत ने पुरुषों की 100 मीटर टी47 स्पर्धा में पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। दिलीप गावित महादु ने 10.69 सेकंड में गोल्ड जीता, जबकि मोहम्मद बासिल मोर्सिंगनाकाथी ने 10.72 सेकंड के समय के साथ सिल्वर हासिल किया और एक नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। इन दोनों खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की तरह ही इस बार भी पहला और दूसरा स्थान हासिल किया।

मेंस जैवलिन थ्रो एफ55 इवेंट में, सुखचैन ने 29.94 मीटर के अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन (पर्सनल बेस्ट) के साथ ब्रॉन्ज जीता। चीन के फेईफेई झोउ ने 37.63 मीटर के वर्ल्ड रिकॉर्ड थ्रो के साथ गोल्ड जीता, जबकि ईरान के जफर जाकेर ने 36.00 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सिल्वर हासिल किया।

मनजीत व्यास ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो एफ12/13 स्पर्धा में 61.03 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सिल्वर हासिल किया। उन्होंने अपने दूसरे प्रयास में यह बेहतरीन प्रदर्शन किया।

भारत ने पुरुषों की जैवलिन थ्रो एफ53 स्पर्धा में भी सिल्वर और ब्रॉन्ज जीते। प्रदीप कुमार ने अपने अंतिम प्रयास में 27.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सिल्वर जीता, जबकि आयुष वर्मा ने अपने पांचवें प्रयास में 17.88 मीटर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।