छतरपुर/महाराजपुर। शासन के आदेशानुसार कलेक्टर के निर्देशन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी महादेव प्रसाद अवस्थी के मार्गदर्शन में विजयादशमी के शुभ अवसर पर नगर पालिका परिषद महाराजपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पालिका परिषद महाराजपुर के वार्ड क्रमांक 1 से 15 तक योजना के तहत निर्मित 18 पूर्ण आवासों में हितग्राही परिवारों ने विधि-विधान एवं वैदिक परंपराओं के अनुसार गृह प्रवेश किया।
अपने नवनिर्मित पक्के मकानों में परिवार सहित प्रवेश कर हितग्राहियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। वर्षों से पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों के लिए यह अवसर बेहद खास रहा। आवास का सपना साकार होने पर लाभार्थी परिवारों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सपना महादेव खटीक, उपाध्यक्ष प्रतिनिधि राजकुमार चौरसिया सहित समस्त वार्ड पार्षद उपस्थित रहे। वहीं नगर पालिका के कर्मचारियों में जवाहर चौरसिया, संदीप शर्मा, धर्मेंद्र रैकवार, प्रेमचंद्र चौरसिया, सुवेंद्र चौरसिया, जितेंद्र चौरसिया, चिरौंजीलाल कुशवाहा, जियोटैग कर्मचारी अनुराग सेन सहित नगर पालिका परिषद महाराजपुर का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण रहा। विजयादशमी के शुभ अवसर पर नए घरों में प्रवेश ने हितग्राही परिवारों के लिए पर्व की खुशियों को और बढ़ा दिया।
















