छतरपुर, संदीप यादव। छतरपुर शहर के देरी रोड पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां घर में पाइपलाइन डालने का काम कर रहे 30 वर्षीय युवक की बिजली का जोरदार करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।


मशीन चलाते समय लगा करंट, अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागौता गांव निवासी रामपाल अहिरवार (30 वर्ष, पिता रामलाल अहिरवार) देरी रोड स्थित हरिवाटिका के पास एक मकान में पाइपलाइन डालने का काम कर रहे थे। सुबह करीब 11 बजे जब वे मशीन चला रहे थे, तभी अचानक उसमें तेज करंट उतर आया, जिसकी चपेट में रामपाल आ गए। करंट लगते ही युवक अचेत होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन और साथी कामगार उसे इलाज के लिए तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।


परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस करा रही पोस्टमार्टम

जिला अस्पताल में युवक की मौत की खबर सुनते ही साथ आए परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर में काफी देर तक चीख-पुकार और मातम का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मर्ग कायम कर लिया है। शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए देह परिजनों को सौंपी जाएगी।