टीकमगढ़। टीकमगढ़ जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मामौन दरवाजा मोहल्ले में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब छेड़खानी के गंभीर आरोपों को लेकर स्थानीय महिलाओं का आक्रोश बाहर आ गया। वार्ड नंबर 27 से दो बार निर्दलीय पार्षद रह चुके घनश्याम कुशवाहा पर महिलाओं ने छेड़छाड़ और अशोभनीय व्यवहार का खुला आरोप लगाया। नाराज महिलाओं ने पूर्व पार्षद पर बिना संकोच किए थप्पड़ों और चप्पलों की बौछार कर दी।

घटना के दौरान आक्रोशित महिलाएं लगातार आरोपी पूर्व पार्षद पर अभद्र आचरण का आरोप लगाते हुए खरी-खोटी सुनाती रहीं और उनकी जमकर धुनाई की। इस दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पूर्व पार्षद की पिटाई का वीडियो सामने आने के बाद कोतवाली थाना पुलिस तुरंत हरकत में आ गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर घटनाक्रम के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज कर कानून के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।